
जमशेदपुर : एक साल का प्रेम और फिर घरवालों की रजामंदी से शादी. शादी के दो साल बाद ही पत्नी को जलाकर मार देने का मामला प्रकाश में आया है. मामला आदित्यपुर के मिरुडीह का है. जहां छोटेलाल मुर्मू ने अपनी पत्नी रायमती मुर्मू (21) को सिर्फ इसलिए किरोसिन तेल छिड़ककर जला दिया कि उसने मेहमान नवाजी में कमी कर दी थी. मामला 19 दिसंबर का है. घटना के बाद रायमती को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रायमती के पिता मझिया मार्डी ने दामाद छोटेलाल पर आरोप लगाया है कि उसने उनकी बेटी को जलाकर मार दिया. वहीं पुलिस मायके पक्ष की न सुनकर ससुराल पक्ष का साथ दे रही है. मझिया ने बताया कि दो साल पहले छोटेलाल ने दो साल पहले उनकी बेटी से प्रेम विवाह किया था. ससुराल में सास जसमी मुर्मू, ससूर राम मुर्मू और देवर चैतन मुर्मू मारपीट किया करते थे, रायमती तंग आकर मायके में ही रहा करती थी. अक्टूबर माह को पंचायत की बैठक में मारपीट नहीं करने की बात कहकर वह रायमती को ले गया. 19 दिसंबर को भी जलाने की काफी देर बाद उसने सूचना दी. मृतका के छोटे भाई पवन ने बताया कि जीजा ने उसे धमकी भी दी थी कि अगर दीदी ठीक हो जाती है तो वह उसे छोड़ देगा. इधर पुलिस शव को पोस्टमर्टम के लिए ले गई. साथ में मायके पक्ष को न ले जाकर पति छोटेलाल को ले गई. मायके पक्ष न्याय के लिए अस्पताल में ही भटकते रहे.







