
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 4 स्थित तड़ंगा गांव की विभिन्न समस्याओं को लेकर पिछले दिनों ‘उदित झारखंड’ सांध्य दैनिक में समाचार प्रकाशित हुआ था. उन समस्याओं को संज्ञान में लेकर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष सुमित लोधा ने बुधवार को गांव के कालिंदी टोला का दौरा किया. वहां उन्होंने लोगों की समस्याओं की जानकारी ली. ग्रामीणों ने बताया कि टोला में लाइट की व्यवस्था नहीं है और न ही पीने के लिए स्वच्छ पानी है. ग्रामीण टोला में स्थित एकमात्र जर्जर कुआं का कीड़ायुक्त पानी पीने को विवश हैं. ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत होकर सुमित लोधा ने लोगों को आश्वस्त किया कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा. उन्होंने कहा कि तत्काल कुएं में ब्लीचिंग पाउडर डाला जाएगा. टोला के सुभाष कालिंदी, वीणापाणि कालिंदी अस्वस्थ हैं. उपचार के लिए उनके पास पैसे भी नहीं है. इस पर उपाध्यक्ष ने कहा कि इलाज करायें, वे सारा खर्च व्यय करेंगे. टोला के ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें अब तक कंबल भी नहीं मिला है. इस पर उपाध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही गांव में जरूरतमंद लोगों को विभाग द्वारा कंबल उपलब्ध कराया जाएगा.








