जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना परिसर में रविवार देर रात हुए हंगामा और तोड़फोड़ की घटना को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों के कुल 13 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है. एफआईआर मानगो थाने में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार के आवेदन पर दर्ज की गई है. फिलहाल पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर गाली-गलौज, जान से मारने की नीयत से हमला करने, लाइसेंसी हथियार लहराने और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं. (नीचे भी पढ़ें)
प्राथमिकी में रहमत सईद खान उर्फ हन्ने, उनके भाई जाकिर खान, हन्ने के बेटे अराफ सईद खान, जाकिर के बेटे शाद सईद खान, अबूजर खान, असलम सईद खान, शाहिद उर्फ छोटा कुबड़ा, आजाद नगर रोड नंबर 17 निवासी औरंगजेब, सिम्स अस्पताल के स्टाफ शाहिद अकबर, इम्तियाज अहमद, दया अस्पताल के संचालक मुमताज के बेटे श्यान अहमद तथा आजादनगर रोड नंबर 12 निवासी शहनवाज हुसैन और युनुस हुसैन को नामजद आरोपी बनाया गया है. बताया जा रहा है कि दया अस्पताल के संचालक मुमताज के बेटों और सिम्स अस्पताल के संचालक रहमत सईद खान के बेटे के बीच पुराना विवाद चला आ रहा है.



