
जमशेदपुर : सोनारी थाना अंतर्गत मरीन ड्राइव स्थित भूतनाथ मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई. बाइक के डिवाइडर से टकराने के बाद चालक डिवाइडर पर लगे पोल से जा टकराया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना इतनी दर्दनाक थी की मृतक का दायां पैर पुरी तरह से अलग हो गया. घटना सोमवार शाम 6.30 बजे की है. पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान में जुट गई. सोनारी पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर मृतक के परिजनों से संपर्क किया. मृतक की पहचान मानगो दाईगुटू स्थित डीपासाही निवासी चंदन कुमार कुमार के रुप में की गई. पुलिस ने शव को एमजीएम अस्पताल के शीत गृह में रखवा दिया है. जानकारी के बाद भाजपा नेता विकास सिंह चंदन के घर पहुंचे और परिजनों का ढाढस बढ़ाया. चंदन के पिता सुदामा भारती ऑटो चालक है. दो भाई और दो बहनों में चंदन सबसे बड़ा था. वह टाटा स्टील में कार चलाता था. परिजनों ने बताया कि सोमवार से उसकी ड्यूटी 6 बजे से हुई. घर का खर्च भी वही उठाता था.

छोटे भाई को तेज बाइक चलाने से डांटता था चंदन
चंदन के छोटे भाई कौशल ने बताया कि जब भी वह भाई की बाइक को तेज रफ्तार से चलाता था तो भाई उसे डांटता था. कभी-कभी पिटाई भी किया करता था.

हेलमेट पहनता तो बच जाती जान
पुलिस ने बताया कि चंदन की बाइक की रफ्तार काफी तेज थी. डिवाइडर से टकराने के बाद चंदन पोल के टकराया. वहीं पोल से टकराने का बाद करीब दस फीट तक वह सड़क पर घसीटता चला गया. चंदन ने हेलमेट नहीं पहन रखी थी. हेलमेट रहता तो शायद उसकी जान बच जाती.



