जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को शिबू सबर नामक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक के बेटे ने अस्पताल परिसर में पीपीपी मोड पर संचालित हेल्थ मैप सेंटर के कर्मचारियों पर एक्स-रे के लिए एक हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है. मृतक के बेटे के अनुसार, उसके पिता को बीपी बढ़ने और पेट में दर्द की शिकायत होने पर पहले मुसाबनी के केंदाडीह स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था. वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें शुक्रवार शाम एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने एक्स-रे कराने की सलाह दी. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल परिसर स्थित हेल्थ मैप सेंटर में एक्स-रे कराने पहुंचे तो कर्मचारियों ने एक हजार रुपये मांगे. जब उन्होंने बताया कि वे सबर समुदाय से हैं और उन्हें नि:शुल्क सुविधा मिलनी चाहिए, तब कर्मचारियों ने आयुष्मान कार्ड लाने को कहा और बिना जांच किए वापस भेज दिया. इसी दौरान शिबू सबर की मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के बेटे ने समाजसेवी विमल बैठा को इसकी जानकारी दी. विमल बैठा ने एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ बलराम झा से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की. (नीचे भी पढ़ें)
अधीक्षक डॉ झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपाधीक्षक डॉ नारायण उरांव को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इसके बाद डॉ नारायण उरांव ने हेल्थ मैप सेंटर पहुंचकर कर्मचारियों से पूछताछ की. अधीक्षक ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.







