चाकुलिया : चाकुलिया के मटियाबांधी पंचायत के गंगा एवं घाघरा नदियों के बीच स्थित गोटशिला पहाड़ पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. घाघरा स्थित आदिवासी सरदार क्लब की ओर से आगामी 7 जुलाई को लगातार 17वें वर्ष आयोजित हो रही गोटाशिला पहाड़ पूजा के अवसर पर क्लब की ओर से विविध खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं. क्लब की ओर से जारी सूचना के अनुसार रविवार, 5 जुलाई से दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा. घाघरा फुटबॉल मैदान में आयोजित होने जा रहे इस फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत रविवार सुबह 8.30 बजे से आरंभ होनेवाले ग्रुप ए के गोटाशिला एफसी एवं ईको पार्क एफसी के बीच खेले जानेवाले उद्घाटन मैच के साथ होगी. टूर्नामेंट का फाइनल मैच आगामी सोमवार, 6 जुलाई को खेला जाएगा. इस टूर्नामेंट की विजेता टीम को 30 हजार रुपये नगद इनाम दिया जाएगा, जबकि रनर अप टीम को 20 हजार एवं सेकेंड और थर्ड रनर अप टीमों को 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर गोटाशिला पहाड़ पूजा के अवसर पर आगामी मंगलवार, 7 जुलाई को डांस धमाका का आयोजन होगा. शाम 7 बजे से आरंभ होनेवाली दो ग्रुपों में आयोजित उक्त प्रतियोगिता अगले दिन प्रातः 7 बजे तक चलेगी. इस प्रतियोगिता की विजेता टीम को 5 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. रनर अप टीम को 4 हजार रुपये, जबकि सेकेंड रनर अप टीम को 3 हजार एवं थर्ड रनर अप को 2 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. फोर्थ रनर अप को 15 सौ, फिफ्थ रनर अप को 1400 का पुरस्कार मिलेगा. सातवें स्थान पर आई टीम को 13 सौ, आठवीं टीम को 12 सौ, नौवीं को 1000, दसवीं को 900, ग्यारहवीं को 800 एवं बारहवीं टीम को 700 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. पहाड़ पूजा आयोजन समिति ने आम नागरिकों से भारी से भारी संख्या में पूजा में शामिल होने की अपील की है.







