जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर में लगातार हो रही दुपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. इसी क्रम में चलाए गए जांच अभियान के दौरान अस्पताल परिसर में पांच बाइक बिना लॉक के खड़ी मिलीं. होमगार्ड जवानों ने ए शिफ्ट में बिना लॉक मिली चार बाइकों के मालिकों को समझाइश देते हुए चेतावनी देकर छोड़ दिया. वहीं बी शिफ्ट में बिना लॉक मिली एक बाइक के मालिक पटमदा के दुआरीडीह निवासी सुखदेव सिंह से लिखित आवेदन लेने के बाद बाइक उन्हें सुपुर्द कर दी गई. गौरतलब है कि पिछले कई महीनों में एमजीएम अस्पताल परिसर की पार्किंग और अन्य स्थानों से कई दुपहिया वाहन चोरी हो चुके हैं. इन मामलों में एमजीएम थाना में प्राथमिकी भी दर्ज है. वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर पहले एमजीएम थाना प्रभारी और अस्पताल के होमगार्ड प्रभारी के बीच विवाद भी हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)
बाद में थाना प्रभारी की अनुशंसा पर एक होमगार्ड प्रभारी और पूर्व प्रभारी को हटाया गया. इसके बाद से थाना प्रभारी के निर्देश पर अस्पताल परिसर में नियमित रूप से वाहनों की जांच की जा रही है. होमगार्ड जवानों ने बताया कि कई लोग मरीजों को देखने या इलाज कराने की जल्दबाजी में अपनी बाइक बिना लॉक किए ही छोड़ देते हैं, जिससे चोरी की आशंका बढ़ जाती है. प्रशासन ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपनी बाइक हमेशा लॉक कर सुरक्षित स्थान पर ही पार्क करें, ताकि वाहन चोरी जैसी घटनाओं से बचा जा सके.




