जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल परिसर में अब खैनी और गुटखा लेकर जाने वालों की खैर नहीं है. अस्पताल को तंबाकू मुक्त रखने के उद्देश्य से अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने होमगार्ड जवानों को सख्त निर्देश जारी किए हैं. निर्देश मिलते ही बुधवार को अस्पताल की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड के जवानों ने पूरे परिसर में व्यापक सर्च अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों, गलियारों, प्रवेश द्वारों, ओपीडी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की गई. जांच के क्रम में होमगार्ड जवानों ने काफी मात्रा में खैनी और गुटखा बरामद किया. जब्त किए गए सभी तंबाकू उत्पादों को तत्काल अधीक्षक डॉ. बलराम झा के पास सौंप दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
होमगार्ड के जवानों ने बताया कि अस्पताल परिसर में खैनी, गुटखा और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी करते हुए इन्हें छिपाकर अस्पताल में लाने का प्रयास करते हैं, जिससे न केवल अस्पताल का वातावरण खराब होता है बल्कि मरीजों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. होमगार्ड के जवानों ने स्पष्ट किया कि यह जांच अभियान किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगातार और नियमित रूप से चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति अस्पताल परिसर में खैनी या गुटखा खाते हुए या लेकर जाते हुए पकड़ा जाता है, तो अधीक्षक के आदेशानुसार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने भी इस कार्रवाई को अस्पताल में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की दिशा में जरूरी कदम बताया. उन्होंने कहा कि एमजीएम अस्पताल को तंबाकू मुक्त बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने मरीजों, उनके परिजनों और आम लोगों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और अस्पताल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें.







