
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मंगलवार को कई अहम कदम उठाए गए. एनईपी डायरेक्टर सह एमजीएम के नोडल पदाधिकारी संतोष गर्ग ने अस्पताल का करीब तीन घंटे तक गहन निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी, रेडियोलॉजी और मेडिसिन विभाग समेत अन्य हिस्सों का जायजा लिया और 18 प्रमुख समस्याओं को चिन्हित किया. (नीचे देखे पूरी खबर)

इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आठ टीम गठित करने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण की शुरुआत दोपहर 12:30 बजे इमरजेंसी विभाग से हुई. यहां संतोष गर्ग ने देखा कि वार्ड की अपेक्षा ज्यादा भीड़ इमरजेंसी कक्ष में मौजूद थी. हर मरीज के साथ तीन से चार अटेंडर खड़े थे. उन्होंने निर्देश दिया कि इमरजेंसी में केवल एक अटेंडर को ही रहने दिया जाए, ताकि भीड़भाड़ से इलाज प्रभावित न हो. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस मौके पर प्रिंसिपल डॉ. दिवाकर हांसदा, अधीक्षक डॉ. आरके मंधान, उपाधीक्षक डॉ. जुझार माझी, डॉ. बलराम झा और डॉ. रोहित झा भी मौजूद थे इसके बाद वे रेडियोलॉजी विभाग पहुंचे. यहां लंबी कतार और बैठने की व्यवस्था न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई. एक बुजुर्ग महिला को फर्श पर बैठा देख उन्होंने चिकित्सकों से सवाल किया कि अब तक मरीजों के लिए कुर्सियों की व्यवस्था क्यों नहीं की गई. जवाब में बताया गया कि कुर्सियों का ऑर्डर दिया जा चुका है. इस पर गर्ग ने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिएनिरीक्षण के दौरान आयुष्मान भारत योजना की स्थिति भी परखी गई. (नीचे देखे पूरी खबर)
चिकित्सकों और नर्सों ने बताया कि योजना से संबंधित राशि लंबे समय से अटकी हुई है. इस पर नोडल पदाधिकारी ने तत्काल भुगतान कराने और आयुष्मान मित्रों का बकाया वेतन जारी करने का आदेश दिया, ताकि मरीजों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके. निरीक्षण के बाद एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें साफ-सफाई, पार्किंग की समस्या, ओपीडी हाजिरी व्यवस्था, मरीजों की कतार प्रबंधन, दवा वितरण सहित 18 समस्याओं की सूची बनाई गई. इनके समाधान के लिए आठ टीमों का गठन किया गया, जिनका नेतृत्व अस्पताल के अधीक्षक और प्रिंसिपल करेंगे. करीब तीन घंटे की इस गहन समीक्षा के बाद संतोष गर्ग ने कहा कि एमजीएम अस्पताल को मॉडल सेंटर के रूप में विकसित करना ही उनका लक्ष्य है. उन्होंने कहा अस्पताल की इमारत जितनी भव्य है, उतनी ही उम्दा सेवाएं भी यहां मिलनी चाहिए. इसके लिए डॉक्टर, नर्स और प्रबंधन मिलकर कार्य करें.















