जमशेदपुर : केंद्रीय मुखी समाज मूलनिवासी की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को जमशेदपुर के भालूबासा स्थित मिस्टी इन होटल में केंद्रीय अध्यक्ष हरि मुखी की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में मुखी समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई. बैठक में विशेष रूप से समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में हो रही परेशानियों को गंभीरता से उठाया गया. हरि मुखी ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र समाज के लोगों के लिए शिक्षा, रोजगार एवं सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अत्यंत आवश्यक दस्तावेज है. इसके बावजूद प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं के कारण समाज के अनेक लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इस विषय पर संबंधित विभाग एवं झारखंड सरकार के समक्ष उचित तरीके से मामला रखने तथा समाधान की दिशा में पहल करने पर विचार-विमर्श किया गया. (नीचे भी पढ़े)

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष हरि मुखी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब समाज का युवा वर्ग नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहे. उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज ही मजबूत और सशक्त समाज की नींव रख सकता है. उन्होंने समाज के सभी लोगों, विशेषकर युवाओं और अभिभावकों से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की. उन्होंने कहा कि केवल विरोध करने से नहीं, बल्कि युवाओं को शिक्षा, खेल, रोजगार एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे की प्रवृत्ति को कम किया जा सकता है. केंद्रीय अध्यक्ष ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि हमारे बच्चों के हाथ में नशे की सामग्री नहीं, बल्कि किताब और कलम होनी चाहिए. बैठक में केंद्रीय मुखी समाज मूलनिवासी के अध्यक्ष हरि मुखी, चेयरमैन पांडी मुखी, पोरेश मुखी, राम मुखी, विकास मुखी, मनोज करूवा, लखिन्दर करूवा, बबलू मुखी, पीके करूवा, केदारनाथ मुखी, दिगम्बर मुखी, राकेश मुखी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.




