जमशेदपुर : अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच की जमशेदपुर शाखा ने सत्र 2024-25 के लिए सर्वश्रेष्ठ शाखा का राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किया है. यह सम्मान पूरे देश की करीब 800 शाखाओं में से जमशेदपुर को मिला है, जो पूरे शहर और झारखंड के लिए गौरव की बात है. बेंगलुरु में आयोजित संगठन के राष्ट्रीय लघु अधिवेशन एक्यम-2026 में राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम जैन एवं निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश भट्टर ने शाखा को उक्त सम्मान प्रदान किया. शाखा अध्यक्ष अश्विनी कुमार अग्रवाल ने इसके लिए आभार जताया है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय जमशेदपुर शाखा के हर सदस्य को समर्पित करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक की नहीं, पूरी जमशेदपुर शाखा की है. यह टीमवर्क, प्रतिबद्धता, सेवा और समाज हित के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. उन्होंने इसके लिए जमशेदपुर शाखा के सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों, शाखा के प्रत्येक सक्रिय एवं सहयोगी सदस्य, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रांतीय टीम, संगठन के साथ कदम बढ़ानेवाली जमशेदपुर की सभी सामाजिक संस्थाओं, सभी पूर्व अध्यक्षों, वरिष्ठ मार्गदर्शकों, परिवार एवं मित्रों एवं शहर की अन्य सभी युवा मंच शाखाओं को धन्यवाद ज्ञापित किया है.















