जमशेदपुर : भारत रत्न एवं देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जमशेदपुर में राष्ट्रीय एकता मार्च का आयोजन किया गया. पटेल स्मारक समिति जमशेदपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में समिति के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला. मार्च के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया. राष्ट्रीय एकता मार्च की शुरुआत सुबह 8:30 बजे बिष्टुपुर स्थित पटेल स्मारक स्थल से हुई. खरकई पुल के समीप गोलचक्कर स्थित स्मारक स्थल से निकला मार्च निर्धारित मार्ग से होते हुए आदित्यपुर स्थित पटेल चौक पहुंचा. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद सभी प्रतिभागी उसी मार्ग से वापस बिष्टुपुर लौटे, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ. मार्च में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो शामिल हुए. इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया. वक्ताओं ने कहा कि आजादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल की अहम भूमिका रही थी. इसी अद्वितीय योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है. पटेल स्मारक समिति का उद्देश्य नई पीढ़ी को सरदार पटेल के विचारों, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित कराना है. राष्ट्रीय एकता मार्च के माध्यम से लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने की अपील की गई.












