जमशेदपुर : जमशेदपुर की सामाजिक संस्था लक्ष्मी सुरभि की नवगठित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक गुरुवार को बाराद्वारी के स्वर्णबर्णिक समाज (जिला) सामुदायिक भवन में आयोजित की गई. बैठक में संस्था के उद्देश्यों, भावी कार्ययोजना एवं समाजहित में किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक के दौरान संस्था का आधिकारिक टैगलाइन “ए सेकेंड फैमली फॉर एव्र सीनियर” लॉन्च किया गया. यह टैगलाइन संस्था के उस संकल्प को दर्शाता है, जिसके अंतर्गत शहर में अकेले रह रहे एवं विभिन्न सामाजिक, भावनात्मक तथा स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे वरिष्ठ नागरिकों को एक परिवार जैसा अपनापन, सम्मान, सुरक्षा एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा. बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक सुख-शांति, सामाजिक सहभागिता तथा सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया गया. साथ ही संस्था के कार्यों को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन करने तथा अलग-अलग कार्यों के लिए उत्तरदायित्व निर्धारित करने पर सहमति बनी. (नीचे भी पढ़ें)
संस्था के विस्तार एवं अधिकाधिक लोगों को समाज सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया तथा सदस्यता प्रपत्र जारी किया गया. बैठक में वित्तीय पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया कि संस्था से संबंधित सभी आर्थिक लेन-देन केवल लक्ष्मी सुरभि के अधिकृत बैंक खाते के माध्यम से किए जाएंगे. संस्था के बैंक खाते के संचालन एवं वित्तीय प्रबंधन की जिम्मेदारी अंकिता कुमारी को सौंपी गई. बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने अपने बहुमूल्य सुझाव एवं विचार साझा किए तथा संस्था को समाज सेवा के क्षेत्र में एक विश्वसनीय एवं प्रेरणादायी संगठन के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया. अंत में निर्णय लिया गया कि संस्था की विस्तृत कार्ययोजना एवं विभिन्न सामाजिक परियोजनाओं का प्रारूप तैयार कर शीघ्र ही अगली बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा. “लक्ष्मी सुरभि” का उद्देश्य प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को सम्मान, सुरक्षा, अपनापन एवं खुशहाल जीवन प्रदान करते हुए उन्हें यह एहसास दिलाना है कि वे कभी अकेले नहीं हैं. संस्था के बैठक में जितेंद्र तिवारी, मधु रॉय, अन्नू, अंकिता, पुष्कर, सत्येंद्र, ममता, देवाशीष, विवेक, सोनी, मिट्ठ, इंद्रजीत, आशीष इत्यादि सदस्य उपस्थित थे.




