जमशेदपुर : जमशेदपुर के जोजोबेड़ा स्थित नुवोको सीमेंट कंपनी के ठेका श्रमिकों का वेज रिवीजन समझौता संपन्न हो गया. सोमवार को इस समझौता पर मैनेजमेंट की ओर से जयशंकर सिंह एंड कंपनी के अंकित राज सिंह, मेगा मार्केटिंग के सुवजीत मुखर्जी, जेनिथ इंजीनियरिंग के फैज अहमद, बाबा तिल्का वेलफेयर सोसाइटी के कृष्णा मार्डी जबकि यूनियन की ओर से यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महासचिव बिजय खां, डिप्टी प्रेसिडेंट विनय कुमार त्रिवेदी, उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव, सीमेंट कामगार यूनियन के महासचिव अंबुज कुमार ठाकुर, सत्येंद्र सिंह, एमएल खत्री, रेणु मुर्मू, कृष्ण कामत, बैजू दीक्षित, अनिल महतो, समेत अन्य लोगों ने समझौता पर हस्ताक्षर किया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, इस दौरान नुवोको सीमेंट के वीपी एचआर अरनब कुमार बासू, जीएम एचआर एडमिन राजीव कुमार मिश्रा और डिप्टी मैनेजर एचआर समीर कुमार ने गवाह के तौर पर हस्तक्षर किया. वेज रिवीजन समझौता के तहत अनस्किल्ड कर्मचारियों को कुल 556.19 रुपये (पहले 424.25 रुपये था) मिलेगा, जिसमें 490.19 रुपये बेसिक व एलाउंस रुपये शामिल है. सेमी स्किल्ड को 581.48 रुपये (पहले 444.13 रुपये था), मिलेगा, जिसमें 513.48 रुपये बेसिक और 68 रुपये एलाउंस मिलेगा. स्किल्ड को 745.44 रुपये मिलेगा, जिसमें बेसिक 676.44 रुपये और 69 रुपये एलाउंस मिलेगा, जिसका पहले कुल सैलेरी 575.51 रुपये था. हाइ स्किल्ड को 850.16 रुपये मिलेगा, जिसमें 781.16 रुपये बेसिक और 69 रुपये एलाउंस मिलेगा. इस श्रेणी के कर्मचारी का पहले 652.23 रुपये वेतन था. यह समझौता 1 जनवरी 2025 से लागू होगा. पांच साल के लिए इस समझौता को लागू किया गया है, जो 31 दिसंबर 2029 तक लागू रहेगा. अतिरिक्त एलाउंस 1 जनवरी 2021 से लागू किया गया है.



