
जमशेदपुर : भारत सरकार के उपक्रम गेल इंडिया द्वारा जमशेदपुर में घर-घर पाइपलाइन के जरिये गैस का कनेक्शन देने की शुरुआत की गयी. शुक्रवार को इसका उदघाटन राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया. इस मौके पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, राज्य के मंत्री सरयू राय, मंत्री रामचंद्र सहिस, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस मौके पर गेल इंडिया के कार्यपालक निदेशक पूर्वोत्तर जोन केबी सिंह, चीफ जेनरल मैनेजर नलिनी मल्होत्रा, सीएमएस कंस्ट्रक्शन के जेपी सिंह भी गेल की ओर से मौजूद थे. बटन दबाकर और अनावरण का पट खोलकर इसका उदघाटन बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में किया गया. सोनारी स्थित आशियाना गार्डेन से इसकी शुरुआत की गयी. इसके साथ ही मानगो स्थित प्राइड फ्यूल सेंटर में कंप्रेस्ड प्राकृतिक गैस (सीएनजी) की भी आपूर्ति की शुरुआत की गयी. अब लोग सीएनजी की गाड़ियां भी यहां खरीद सकते है.
सीएनजी व घर-घर कनेक्शन से जुड़ी मुख्य बातें :
- मानगो के प्राइड फ्यूल सेंटर में मिलेगा सीएनजी गैस
- सीएनजी की गाड़ियां अब दौड़ सकेंगी
- बिहार के पटना से सड़क मार्ग से आयेगा नेचुरल गैस
- कालांतर में जगदीशपुर-हल्दिया और बोकारो-धामरा प्राकृतिक गैस पाइपलाइन से पुरुलिया और जमशेदपुर के स्परलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति होगी
- पुरुलिया से जमशेदपुर तक 125 किलोमीटर लंबा पाइपलाइन बिछेगा
- स्परलाइन के जरिये पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला शुरू होगा
- जमशेदपुर में बनेगा 11 सीएनजी स्टेशन, जिससे एक लाख गाड़ियों को सीएनजी की आपूर्ति हो सकेगी
- घर-घर कनेक्शन के तहत 3562 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्रफल से गैस का वितरण हो सकेगा. एक लाख घरों में होगा सप्लाइ
- पानी और बिजली की तर्ज पर लोगों को गैस का कनेक्शन मिलेगा और मीटर जितना उठेगा, उतना का पैसा लोगों को देना होगा
- घर-घर पाइपलाइन कनेक्शन के जरिये 125 कॉमर्शियल, 85 इंडस्ट्रियल और काफी सीएनजी वाहनों को सप्लाइ संभव हो सकेगा
- आने वाले कुछ वर्षों में 1.25 लाख से अधिक वाहनों में सीएनजी आपूर्ति और 2.43 लाख घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति के लिए रांची और जमशेदपुर में 22 सीएनजी स्टेशन स्थापित किये जायेंगे
- झारखंड में 4366 करोड़ के अनुमानित निवेश से प्राकृतिक गैस पाइपलाइन का निर्माण किया जायेगा, जिसकी लंबाई लगभग 551 किलोमीटर होगा
- इसके तहत झारखंड के चतरा, गिरीडीह, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, धनबाद, सरायकेला, रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पूर्वी सिंहभूम जिला को लाभ हो सकेगा
- रांची और जमशेदपुर में इस परियोजना के लिए कुल 1500 करोड़ का निवेश होगा, जिसमें 450 करोड़ अगले तीन से पांच साल में निवेश किया जायेगा.
- जमशेदपुर में 221 करोड़ रुपये का निवेश होगा.



