जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली नगर परिषद् क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 में एक पिकअप वैन पर बिजली का खंभा आ गिरा. इस हादसे में हालांकि पिकअप वैन व उसका चालक बच गये, किन्तु इससे सड़क पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार कपाली नगर परिषद् क्षेत्र में एक पिकअप वैन पर बिजली का पोल अचानक आ गिरा, जिससे सड़क से होकर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. हालांकि इस हादसे में पिकअप वैन का चालक बाल-बाल बच गया और वाहन को भी हल्की क्षति पहुंची है. स्थानीय लोगों ने बताया कि सोडा गाड़ी (पिकअप वैन) रोड नंबर 20 से मजार गली की तरफ़ आ रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
ड्राइवर अपनी गाड़ी को मोड़ रहा था तभी सड़क संकरी और बिजली तार नीचे होने के कारण तार वाहन में फंस गया और बिजली का खंभा वाहन के ऊपर ही आ गिरा. इसमें वाहन का अगला हिस्सा हल्का क्षतिग्रस्त हो गया. यह तो गनीमत रही कि वाहन का चालक बाल-बाल बच गया और उस वक्त कोई राहगीर वहां से नहीं गुजर रहा था, वरना चपेट में आने से बड़ी दुघर्टना घट सकती थी. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय निवासी फहीम ने बताया कि गर्मी में बिजली का खंभा गिरने से बिजली गुल हो चुकी है और लोगों को काफी परेशानी हो रही है. बताते चलें कि ओल्ड पुरुलिया रोड नं 15 में कपाली नगर परिषद द्वारा पुल का निर्माण कराया जा रहा है जिससे सभी वाहनों को ओल्ड पुरुलिया रोड नं 20 आने-जाने के लिए मुख्य मार्ग बन गया है. अब ऐसे में टेंपो चालकों और अन्य वाहनों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ेगा. अब देखना है कि बिजली विभाग कब तक हरक़त में आता है और इस समस्य का समाधान करता है.




