जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. कदमा थाना पुलिस ने जुआ खेलने और खिलाने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से नगद राशि, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री बरामद की है. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई. दरअसल, 22 मई की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री बस्ती स्थित एक बड़े कमरे में खुलेआम जुआ खेला जा रहा है. सूचना के बाद सिटी एसपी के निर्देश पर कदमा थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्त में आये व्यक्तियों का नाम राजन गुप्ता, राजेश कुमार तुरहा, गोविंदा कुमार शाह, दीपक कुमार, बंटी कुमार, लालचंद तूरहा, सुखदेव सिंह, लखन कुमार ठाकुर शामिल है, छापेमारी के दौरान पुलिस ने 35 हजार 520 रुपये नगद, ताश के 52 पत्ते, सात मोबाइल फोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री जब्त की. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.







