जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोविंदपुर पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने इनके पास से 2550 रुपये नकद, 81 पुड़िया ब्राउन शुगर और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में छोटा गोविंदपुर शेषनगर का गौरव कुमार उर्फ अमर (26), बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैरेज कॉलोनी मुस्लिम बस्ती का मोहम्मद इमरान (21), सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली तमुलिया के जंबुवन महतो (24) और ललन मांझी (28) शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. टीम को लंबे समय से इलाके में नशे के सौदागरों की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर आरोपियों को धर दबोचा. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ब्राउन शुगर की पुड़िया सप्लाई करने की फिराक में थे. (नीचे भी पढे़ं)
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की. पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है कि यह गिरोह ब्राउन शुगर कहां से लाते थे और किन चैनलों के जरिए इसे शहर और आसपास के इलाकों में बेचते थे. पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क के स्रोतों के बारे में पुख्ता सुराग मिल चुके हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. जल्द ही सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा. थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में नशे का प्रसार रोकने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. पुलिस की इस सफलता से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है तथा नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है.



