
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको रोड नंबर 11 में हरिजन बस्ती के पास से पुलिस ने एक युवक को ब्राउन शुगर बेचते गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक का नाम आकाश मुखी है. वह एग्रिको हरिजन बस्ती का रहने वाला है. पुलिस ने मंगलवार को आकाश मुखी को जेल भेज दिया. सिदगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि आकाश मुखी के पास से 55 पुड़िया ब्राउन शुगर, प्लास्टिक की एक पुड़िया में गांजा, माचिस की डिब्बी, ब्राउन शुगर पीने के उपयोग में आने वाला सिल्वर का कागज, 2855 रुपए नकद, एक मोबाइल और आकाश मुखी का पर्स बरामद हुआ है. आकाश मुखी के पास में उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड और एटीएम कार्ड भी था. पुलिस को सूचना मिली थी कि एग्रिको रोड नंबर 11 में 3 युवक ब्राउन शुगर बेच रहे हैं. इस पर डीएसपी वीरेंद्र राम के नेतृत्व में एक छापामारी टीम गठित हुई और छापामारी की गई. 2 लोग पुलिस को देख कर भाग निकले. जबकि, आकाश मुखी को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ की जा रही है. गौरतलब है कि आदित्यपुर से निकलकर ब्राउन शुगर का कारोबार पूरे जमशेदपुर में फैल चुका है. मानगो, सिदगोड़ा, सीतारामडेरा आदि इलाके ब्राउन शुगर की बिक्री का मुख्य केंद्र बने हुए हैं.




