जमशेदपुर: जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर उलीडीह ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस को सूचना मिली थी कि एनएच-33 स्थित रिपीट कॉलोनी में सिंद्दू- कान्हू आवासीय विद्यालय के पीछे खाली मैदान में कुछ युवक अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हुए हैं. (नीचे भी पढ़े)
सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर एक युवक को हिरासत में लिया. पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर की 38 पुड़िया बरामद की गई. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बरामद मादक पदार्थ कपाली क्षेत्र से लाकर बेचा जा रहा था.गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय संदीप पाण्डेय के रूप में हुई है. वह तामोलिया स्थित जेवियर स्कूल के समीप का निवासी है और उसका संबंध सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र से है. पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.छापामारी दल में दयानंद कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, पटमदा, मो. शारिक अली, ओलीडीह ओपी प्रभारी,रविन्द्र पाण्डेय,अभिषेक कुमार,विजय कुमार,अखिलेश प्रसाद,ओलीडीह ओपी के रिजर्व गार्ड शामिल थे.





