जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना पुलिस ने इंदिरा नगर निवासी चंदन गिरी हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है. बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी इशिका कौर और सास राजकुमारी देवी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इंदिरा नगर स्थित दोनों के घरों में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया. मामले में अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. चंदन गिरी की हत्या 25 अगस्त को हुई थी. उसका शव उसके ससुराल के पास एक दुकान के सामने मिला था. मामले में मृतक की बहन लक्ष्मी कुमारी उर्फ पुतली के आवेदन पर सीतारामडेरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
प्राथमिकी में चंदन गिरी की पत्नी इशिका कौर, सास राजकुमारी देवी और साले गोलू कौर को नामजद आरोपी बनाया गया है. इसके अलावा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज किया गया है. तीनों नामजद आरोपी इंदिरा नगर के ही रहने वाले बताए जाते हैं. मृतक की बहन लक्ष्मी कुमारी उर्फ पुतली ने आरोप लगाया है कि घटना वाली रात चंदन गिरी अपने ससुराल गया था, जिसके बाद उसकी लाश मिली. उन्होंने आशंका जताई है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने चंदन गिरी की गला घोंटकर हत्या कर दी. परिजनों के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोग अक्सर चंदन गिरी पर तरह-तरह के आरोप लगाते थे. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, घटना के दिन चंदन गिरी की सास राजकुमारी देवी ने पत्रकारों को बताया था कि चंदन गिरी रात में उनके घर आया था. खाना खाने के लिए पूछे जाने पर उसने पेट भरा होने की बात कही थी. इसके बाद वह कुछ देर बाद वहां से चला गया था. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




