जमशेदपुर : जमशेदपुर के वाहनों से लगातार चोरी की घटनाओं ने वाहन मालिकों की परेशानी बढ़ा दी है. शनिवार सुबह सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह इलाके में एक गाड़ी का सीलिंग वायर चोरी होने की घटना के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. चोरी से नाराज वाहन मालिकों ने गोलमुरी से मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 5 बजे भुइयांडीह में एक वाहन का सीलिंग वायर चोरी कर लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस घटना के बाद वाहन मालिकों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया. उनका कहना था कि शहर में लगातार वाहनों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. वाहन मालिकों ने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)

सड़क जाम के कारण इलाके में यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. वाहन मालिकों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है.





