
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत कॉन्ट्रैक्टर्स एरिया स्थित विश्वजीत चक्रवर्ती के आवास में एक बार फिर से संपत्ति को लेकर विवाद शुरु हो गया है. शुक्रवार को भोलानाथ महतो ने 8-10 महिलाओं के साथ उनके घर में घुसकर मारपीट की और उनके घर पर लगे ताले को तोड़कर अपना ताला लगा दिया. इस संबंध में विश्वजीत चक्रवर्ती ने बिष्टुपुर थाने में लिखित शिकायत की है. शिकायत के अनुसार उन्होने उक्त संपत्ति के लिए न्यायालय में टाइटल पार्टिशन पिटिशन दाखिल किया है जो न्यायालय में लंबित है. बावजुद इसके शुक्रवार को भोलानाथ महतो अपने साथ 8-10 महिलाओं को लेकर घर में घुस गया और मारपीट करने लगा. उसने घर में लगे ताले को तोड़ने का प्रयास किया. जब उनकी पत्नी ने इसका विरोध किया और मोबाइल से फोटो खिंचने लगी तो उसने मोबाइल को लेकर जमीन पर पटक दिया. अब उसने घर पर अपना ताला लगा दिया है. विश्वजीत के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब भोलानाथ द्वारा घर में घुसकर मारपीट की गई है. भोलानाथ ने इसके पहले 18 दिसंबर और 27 सितंबर को भी घर में कब्जा करने का प्रयास किया था. इसको लेकर उन्होने एसएसपी को भी शिकायत की है पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई.





