जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी शाखा की ओर से स्वतंत्रता सेनानी स्व चित्तरंजन मुखर्जी एवं शहीद सैनिकों की स्मृति में क्रान्तिकारी शहीद मंगल पाण्डे के शहादत दिवस पर बुधवार, 8 अप्रैल को रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है. प्रातः 9 बजे से संध्या 4 बजे तक चलने वाले रक्तदान शिविर में पूर्व सैनिक सेवा परिषद, झारखंड एवं लॉयन्स क्लब ऑफ जमशेदपुर नॉर्थ का सहयोग प्राप्त होगा. रेड क्रॉस सोसाइटी के पेट्रॉन, लॉयन्स क्लब के पूर्व जिलापाल व इन्टरनेशनल लॉयन्स क्लब के सदस्य सुदीप्तो मुखर्जी की ओर से अपने पिता स्व चित्तरंजन मुखर्जी की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने रक्तदाताओं से अपील की है कि जिनके रक्तदान का 90 दिन पूरा हो गया हो, वे इस शिविर में आगे आकर रक्तदान करें, उन्होंने अपना 19वां जन्मदिवस इस वर्ष मनाने वाले युवाओं से विशेष आग्रह किया है कि वे रक्तदान से इस महत्वपूर्ण वर्ष में जुड़ें, क्योंकि यह रक्तदाता के रूप में आपका वयस्क होना आपको एक नया परिचय प्रदान करेगा. उन्होंने रक्तदाताओं से आग्रह किया है कि वे इन शिविरों में आगे बढ़कर अधिक से अधिक रक्तदान करें, ताकि गर्मी के दिनों में जरूरतमंदों की रक्त आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिले.



