जमशेदपुर : होली से पूर्व आज 32 नेत्र रोगियों को आंखों में नयी रौशनी के साथ विदा किया गया. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से जेमीपोल के सहयोग से टाटा समूह के संस्थापक जमशेतजी टाटा की 184वीं जयंती पर बागबेड़ा स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित तीन दिवसीय नेत्र शिविर आज नेत्र रोगियों की विदाई के साथ सम्पन्न हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

नेत्र चिकित्सक डॉ जेएस बेदी एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम ने ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की आंखों की जांच की, जिसके बाद सभी नेत्र रोगियों को डेढ़ महीने की दवा व चश्मा प्रदान करने के साथ ही श्याम कुमार द्वारा उन्हें आंखों की देखभाल संबंधी जरूरी जानकारी प्रदान करने के बाद विदा किया गया. इस अवसर पर राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, समाजसेवी चन्द्रमोहन सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक घोषाल, अशोक कुमार सिंह, विक्की कुमार, आशीष सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. शिविर के समापन पर रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार ने सभी नेत्र रोगियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की शुभकामना दी एवं बताया कि रेड क्रॉस का 675वां नेत्र शिविर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पेंशनर्स एसोसियेशन, जमशेदपुर यूनिट के संयोजन में 11 से 13 मार्च तक आयोजित किया जायेगा. 11 मार्च को नेत्र रोगियों का रजिस्ट्रेशन होगा.



