जमशेदपुर : स्व केके सिंह की स्मृति में पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी एवं राम मनोहर लोहिया नेत्रालय की ओर से आयोजित नेत्र ज्योति महायज्ञ – 2023, मंगलवार को नेत्र रोगियों की विदाई के साथ संपन्न हो गया. चार दिवसीय नेत्र शिविर के समापन समारोह के मुख्य अतिथि, रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं समाजसेवी गोविंद दोदराजका ने कहा कि विगत 30 वर्षों से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम के प्रति दिन प्रतिदिन लोगों का विश्वास बढ़ता जा रहा है. इसी बात का प्रमाण इतने नेत्र रोगियों की उपस्थिति है और यह विश्वास यहां चिकित्सकों एवं उनकी टीम के सेवा कार्यों का एक सम्मान भी है कि उनके प्रति लोगों में लगातार विश्वास बढ़ा है. (नीचे भी पढ़ें)

डॉ राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान की नींव रखने वाले विजय कुमार सिंह एवं वर्तमान में रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह लगातार इस कार्य को आगे बढा रहे हैं. इससे जरूरतमंद लोगों के जीवन में उजाला फैल रहा है. कार्यक्रम के सम्मानित अतिथि समाजसेवी सह राजस्थान सेवा सदन के अध्यक्ष दिलीप गोयल ने कहा कि यह काम लोगों को एक नयी शुरुआत करने का मौका देता है. आंखों की रौशनी देना एक प्रकार से नया जीवन देने जैसा है. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी चन्द्रमोहन सिंह ने कहा कि दुनिया में रुपये पैसे का महत्व हमेशा है और रहेगा, लेकिन इसके सदुपयोग का महत्व उससे ज्यादा है, क्योंकि जिनका जन्म सिर्फ खाने कमाने के लिए हुआ है. वे दूसरों के दुख-दर्द के सहभागी नहीं बन सकते और न ही उनके द्वारा ऐसा कोई प्रयास किया जाता है. लेकिन समाज में ऐसे लोगों की भी कमी नहीं है जो अपनी बचत से भी दूसरों के जीवन में भलाई कर जाते हैं. कार्यक्रम में टीएमएच में नेत्र विभाग के प्रमुख डॉ भारती शर्मा ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि हम जिन कार्यों को करने के लिए आते हैं, उस कार्य को करने में हमसे ज्यादा लगनशील लोग जुड़े हैं जो और अधिक तत्परता से कार्य करते हुए इसे बेतर मुकाम तक पहुंचाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होने कहा कि इस टीम की प्रशंसा शब्दों में नहीं की जा सकती. इस सेवा प्रकल्प से पिछले 20 वर्षों से जुड़ी नेत्र चिकित्सक डॉ. पूनम सिंह ने कहा कि जरूरतमंद की सेवा सिर्फ एकतरफा मार्ग नहीं है, यह मार्ग वह है जिससे हम सभी अपने जीवन में भी खुशियों का और ईश्वर के आशीर्वाद का अनुभव प्राप्त करते हैं. उन्होंने कहा कि इस कार्य को करते-करते आज शुरुआत से हम सभी एक अच्छे मुकाम पर हैं, जहां हम लोगों को बेहतर सेवा दे पा रहे हैं. मुख्य चिकित्सक डॉ बीपी सिंह ने पूरी टीम ने साथ ऑपरेशन कराये सभी नेत्र रोगियों का परीक्षण किया और बताया कि सभी का बेहतर ऑपरेशन हुआ है. उन्होंने नेत्र रोगियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की शुभकामना प्रेषित की. कार्यक्रम के संयोजक विकास सिंह ने कहा कि स्व. केके सिंह की पुण्य स्मृति में आयोजित हो रहे इस नेत्र शिविर में वे अपने आप को भी एक छोटा सा कार्यकर्ता समझते हैं, क्योंकि उस कार्य के आकर्षण के विषय में क्या कहें जहां तीन-चार वर्ष के बच्चे-बच्चियां भी अपनी सेवा दे रहे हैं. इतने लोग ऐसे जुड़े हैं और इतना बड़ा काम इतने बेहतरीन तरीके से निस्वार्थ सेवा भावना के साथ हो रहा है, इसकी कहीं और मात्र कल्पना ही की जा सकती है. इतने नेत्र रोगियों का ऑपरेशन चिकित्सकों ने किया और उनकी सेवा कार्यकर्ताओं ने पिछले तीन दिनों में की है वह सामने है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि उनके लिए यह सौभाग्य की बात है कि ने स्व केके सिंह के पुत्र के रूप में उनके कार्यों को आगे बढाने के लिए इस सेवा परिवार से जुड़े हैं. कार्यक्रम के दौरान इस नेत्र ज्योति महायज्ञ – 2023 में अपनी सेवा देने वाले चिकित्सकों, नर्सिंग टीम एवं कार्यकर्ताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया. इसके बाद अतिथियों ने नेत्र रोगियों को डेढ़ महीने की दवा, चश्मा व कम्बल प्रदान कर विदा किया. कार्यक्रम में राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल ने अतिथियों का स्वागत किया. कार्यक्रम संचालन संस्थान के सचिव सत्यनारायण अग्रवाल ने किया तथा सभी के प्रति रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया.



