
जमशेदपुर: जमशेदपुर के पटमदा स्थित ठनठनी घाटी में मंगलवार की दोपहर एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. इस घटना में ट्रैक्टर सवार चालक के अलावा चार मजदूर घायल हो गए. सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से एमजीएम अस्पताल लाया गया जहां सभी का इलाज चल रहा है. घायलों मे पाकुर जिला निवासी असिफुल शेख, वाहिदुर शेख, रबिबुल शेख और राजेश कर्मकार के अलावा स्थानीय निवासी चालक सिद्दिक अंसारी शामिल है. सभी को हल्की चोटें आई है . घायलों ने बताया कि वे लोग पटमदा के बोटा में बन रहे सरकारी जलमीनार में मजदूरी का काम करते है. सभी कटिन से पाइप लेकर बोटा जा रहे थे. ट्रैक्टर के पीछे डाला में कुल 25 पाइप लोड था, एक पाइप का वजन 1.5 टन है. घाटी के पास ढलान में अचानक ट्रैक्टर के पीछे लगा डाला पलट गया, जिससे ट्रैक्टर भी पलट गया. फिलहाल सभी का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है.



