घाटशिला: घाटशिला के अमायनगर पुलिया पर बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल पांच वर्षीय बच्ची श्रिया कृष्णा सिन्हा की इलाज के दौरान टीएमएच में मौत हो गई. हादसे में घायल उसके माता-पिता समेत तीन अन्य लोगों का इलाज जारी है. घायलों में सुब्रत सिन्हा, सुष्मिता सिन्हा और शुभ्रदीप कृष्णा सिन्हा शामिल हैं. सुब्रत की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि सुष्मिता और शुभ्रदीप के पैर टूट गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों के अनुसार, सुब्रत सिन्हा जेएसएलपीएस में कार्यरत हैं, जबकि सुष्मिता एक प्ले स्कूल में शिक्षिका हैं. बुधवार रात सभी अमायनगर पुलिया के पास खड़े थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सुष्मिता पुल से सीधे नीचे नदी में जा गिरीं. घटना के बाद अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं नदी में गिरी सुष्मिता की तलाश के लिए रात में अभियान चलाया गया. काफी खोजबीन के बाद सुष्मिता रात करीब 12:30 बजे घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर मिलीं. इसके बाद उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इधर, इलाज के दौरान पांच वर्षीय श्रिया ने दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल सुब्रत और सुष्मिता को अब तक अपनी बेटी की मौत की जानकारी नहीं दी गई है. इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार और इलाके में शोक का माहौल है.




