आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर के आरआइटी मोड़ के शिव मंदिर के समीप बुधवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया. दोनों घरों के लोग उस समय बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद आरआइटी थाना पुलिस बुधवार सुबह मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पीड़ित महिला के मुताबिक बुधवार रात वह अस्पताल गई थीं जबकि उनके पति ड्यूटी पर चले गए थे. घर बंद था. इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अंदर रखे सामान को खंगाल डाला. चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, करीब 6 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)

महिला के मुताबिक, मंदिर में रखी मूर्ति को भी चोर अपने साथ ले गए. महिला ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6 से 7 लाख रुपये बताई है. घर में बिखरे सामान और चाय के बर्तनों को देखकर महिला ने आशंका जताई कि चोरों ने घर में चाय बनाकर पी और उसके बाद आराम से चोरी की. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं पीड़ित परिवार के बगल वाले घर को भी चोरों ने निशाना बनाया. वहां से करीब 8 हजार रुपये की चोरी होने की जानकारी सामने आई है. इस इलाके में काफी बिजली की समस्या भी बनी रहती ह. आसपास दूर-दूर तक सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस के लिए चोरों की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है.




