जमशेदपुर : टाटा स्टील ने आज यहां कंपनी के ओर माइंस एंड क्वेरीज (ओएमक्यू) डिवीजन के प्रमुख आयोजन नोआमुंडी रन-ए-थॉन के छठे संस्करण की घोषणा की. इस वर्ष इस दौड़ का आयोजन 22 नवंबर को नोआमुंडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से किया जाएगा. इस वर्ष की दौड़ की थीम ‘हरित एवं बेहतर कल के लिए दौड़ें’ (रन फॉर ए ग्रीनर टुमोरो) रखी गई है. इस अवसर पर टाटा स्टील के ओएमक्यू डिवीजन के महाप्रबंधक देबाशीष जेना ने कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में रन-ए-थॉन की जर्सी का अनावरण किया. इस दौरान डी. विजयेंद्र, (चीफ नोआमुंडी, काटामाटी एवं विजया II), राजीव कुमार, (चीफ, खोन्डबोंड), राजेश राजन, हेड, कम्युनिकेशन (रॉ मटेरियल्स एवं झारखंड), मनीष सिन्हा, हेड, स्पोर्ट्स (इवेंट्स एवं ट्रेनिंग सेंटर्स) तथा उदय प्रकाश सिंह, असिस्टेंट मैनेजर, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन, नोआमुंडी सहित कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. इस वर्ष दौड़ को विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया है. 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पुरुषों और महिलाओं के लिए 10 किमी एवं 7 किमी की दौड़ आयोजित की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, 16 वर्ष से कम आयु के बालक एवं बालिकाओं के लिए 5 किमी की दौड़ होगी. इसके अतिरिक्त, विशेष क्षमता वाले व्यक्तियों के लिए 2 किमी की दौड़ का आयोजन किया जाएगा. विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को कुल 5,67,000 रुपये (पांच लाख सड़सठ हजार रुपये) की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. सभी श्रेणियों में सामान्य एवं स्थानीय वर्ग के विजेताओं को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा. उल्लेखनीय है कि नोआमुंडी रन-ए-थॉन के पिछले संस्करण में देशभर से 4,000 से अधिक धावकों ने भाग लिया था. इस वर्ष आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतिभागियों की संख्या पिछले वर्ष के रिकॉर्ड को भी पार करेगी. 10 किलोमीटर दौड़ पुरुष और महिला में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के लिए क्रमश: 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये पुरस्कार के रुप में दिया जायेगा. वहीं, 7 किलोमीटर की पुरुष और महिला वर्ग की अलग अलग श्रेणी में 25 हजार, 20 हजार और 15 हजार रुपये, 5 किलोमीटर की बालक और बालिका के अलग अलग दौड़ में 10 हजार रुपये, 8 हजार रुपये और 7 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जायेगा.












