चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की कालियाम पंचायत के बुरूजबनी गांव में लाखों की लागत से स्वीकृत चेकडैम निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा काफी अनियमितता बरती जा रही है. निर्माण कार्य में गुणवत्ता पूर्ण सामग्री का प्रयोग नही किया जा रहा है. इसकी शिकायत ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया दासो हेम्ब्रम को दी. ग्रामीणों की शिकायत पर मुखिया दासो हेम्ब्रम कार्य स्थल पहुंचकर योजना का निरीक्षण किया. मजदूरों ने बताया कि संवेदक द्वारा मजदूरों को 260-280 रूपए की दर से मजदूरी दी जा रही है. ग्रामीणों ने कहा की चेकडैम निर्माण में संवेदक द्वारा काफी अनियमितता बरती जा रही है और पूर्ण गुणवत्ता के साथ योजना का निर्माण नहीं कराया जा रहा है.(नीचे भी पढ़े)
कार्यस्थल पर अबतक प्राक्कलन बोर्ड भी नहीं लगाएं गए हैं जिससे लोगों को योजना की पूर्ण जानकारी नहीं मिल पा रही है. ग्रामीणों ने मुखिया के नेतृत्व में योजना की जांच की मांग करते हुए कार्य को बंद करा दिया है. मौके पर मुखिया ने कहा कि जबतक चेकडैम निर्माण कार्य की जांच नहीं होता है तब तक कार्य बंद रहेगा. वहीं इस संबंध में संवेदक से दूरभाष पर बात कर मामले की जानकारी ली गई तो संवेदक ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उनपर लगाए गए आरोप निराधार है. उन्होंने कहा कि योजना निर्माण पूर्ण गुणवत्ता के साथ और सामग्री भी उच्च क्वालिटी का प्रयोग किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वे मजदूरों को मजदूरों की मांग पर हर मजदूर को 300 रूपए की दर से भुगतान करने की बात कही.











