
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड में बुधवार की सुबह चाकुलिया- धालभूमगढ़ मुख्य सड़क पर मेम क्लब के पास हुई अजीबो गरीब घटना सामने आई है. बाइक के हाथी से टकरा जाने से घाटशिला के ऊपर पावड़ा निवासी बाइक सवार युवक बद्दीनाथ टुडू घायल हो गया. बद्दीनाथ का हाथ टूट गया है. वहीं चाकुलिया वन क्षेत्र के सुनसुनिया गांव में शौच करने के लिए निकले 65 वर्षीय बुजुर्ग माझी हेंब्रम को हाथी ने पटक कर जख्मी कर दिया है. उनका एक पैर टूट गया है. दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मांझी हेंब्रम और बद्दीनाथ टुडू को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर कर दिया है. सूचना पाकर वन विभाग के पदाधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर वन विभाग की ओर से घायल बुजुर्ग माझी हेंब्रम की पत्नी कापरा हेंब्रम को तत्काल 5 हजार रूपये और बद्दीनाथ टुडू को भी 5 हजार रूपए इलाज के लिए दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना पाकर विधायक समीर महंती भी सीएचसी पहुंचे और इलाज के लिए घायलों को आर्थिक सहयोग किया. मिली जानकारी के अनुसार मेम क्लब के पास मुख्य सड़क से आमाभूला जाने वाली सड़क पर ग्रामीणों ने हाथी को खदेड़ते हुए पहुंचाया. इसी दौरान मुख्य सड़क पर बाइक सवार बद्दीनाथ टुडू हाथी से टकरा गया. वह अपने रिश्तेदार के घर कालापाथर गांव जा रहा था. हाथी से टक्कर होने के बाद वह बाइक समेत गिर पड़ा. इसके बाद हाथी उसे पैरों से कुचलने लगा. उक्त हाथी ने ही शौच करने के लिए जंगल की ओर निकले सुनसुनिया गांव के बुजुर्ग माझी हेंब्रम को पटक दिया. इससे उनका बायां पैर टूट गया है और शरीर के अन्य भाग में भी चोटें आई हैं.



