जादूगोड़ा : फाइलेरिया मुक्त अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से केरुआडुंगरी पंचायत के मुखिया कान्हू मुर्मू विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को फाइलेरिया की गोली बांट रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने फाइलेरिया के फैलाव को रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी तेज कर दिया है. इधर आज शुक्रवार को मुखिया कान्हू मुर्मू ने सेविका, सहिया एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मिलकर गांव-गांव भ्रमण किया तथा ग्रामीणों को फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत दवा सेवन एवं जागरूकता के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी. मुखिया कान्हू मुर्मू ने कहा कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए सभी लोगों का सामूहिक सहयोग आवश्यक है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही दवाओं का सेवन अवश्य करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने यह भी बताया कि पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविका, सहिया एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मिलकर इस अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं. उन्होंने आगे कहा कि फाइलेरिया मुक्त पंचायत का लक्ष्य तभी संभव है जब प्रत्येक परिवार सक्रिय भागीदारी निभाए. उन्होंने पंचायत प्रशासन की ओर से सभी ग्रामीणों से इस जन स्वास्थ्य अभियान में पूर्ण सहयोग की अपील की.



