गालूडीह : पुतरू टोल प्लाजा के पास मंगलवार को एक चलती डस्टर कार में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई. हालांकि, कार में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. जानकारी के अनुसार, जेएच05बीबी 6777 नंबर की डस्टर कार पर सवार लोग घाटशिला में आयोजित सांगठनिक बैठक में शामिल होकर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान गालूडीह स्थित पुटरू टोल प्लाजा के पास अचानक कार में आग लग गई. (नीचे भी पढ़ें)
कार से आग की लपटें उठती देख सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सभी लोग तत्काल वाहन से बाहर निकल गए. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें लगातार तेज होती गईं. कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. राहत की बात रही कि सभी कार सवार सुरक्षित बच गए.












