जादूगोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा चरमरा गई है. आलम यह है कि प्रखंड के ज्यादातर उप स्वास्थ्य केंद्र बिना डॉक्टर के ही हैं. ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भगवान भरोसे जीने को विवश हैं. उनकी सुधि लेने वाला कोई नहीं है. इधर मामले को संज्ञान में लेते हुए ग्वालकाटा पंचायत के पूर्व मुखिया सीताराम हांसदा ने सोमवार को पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन साहिल पाल को पत्र सौंप कर 24 घंटे डॉक्टर उपलब्ध कराने की मांग उठाई है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने पत्र में लिखा है कि इस स्वास्थ्य उप केंद्र में नियमित डॉक्टर की पदस्थापना नहीं होने से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बीमार पड़ने पर डॉक्टर के अभाव में गरीब परिवारों की जान चली जाती है या उन्हें 25 किलोमीटर दूर खासमहाल सदर अस्पताल जाना पड़ता है. दूरी अधिक होने से कई मरीज बीच रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं या उन्हें निजी अस्पताल की ओर रुख करना पड़ता है. जबकि मानपुर व उसके आस-पास गरीबों की आबादी अधिक है. बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य-सुरक्षा के लिए उन्होंने मानपुर उप स्वास्थ्य केन्द्र में 24 घंटे डॉक्टर की सेवा मुहैया कराने की मांग की गई है, ताकि गरीब परिवारों की जान बचाई जा सके.





