
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस अभिनव ने प्रखंड सभागार में सभी पंचायत सचिव के साथ प्रखंड में संचालित योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की. इस दौरान नवनियुक्त परीक्ष्यमान उप समाहर्ता चंचला कुमारी भी उपस्थित थी. बैठक में पीएम आवास को लेकर वैसे लाभुक जिनका विगत 2-3 वर्षों से प्रधानमंत्री आवास और इंदिरा आवास का कार्य लंबित है और वे कार्य पूर्ण कराने के लिए इच्छुक नहीं है, उनपर एक सप्ताह के अंदर सर्टिफिकेट केस किए जाने का निर्देश दिया है. इसके अलावा ड्रॉपडाउन डाक्यूमेंट्स, रिफंड केसेस और 2019-20 के लंबित आवास जो कि सबसे ज्यादा बाघुड़िया और झाटीझरना पंचायत में है उनका जल्द से जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया है.अंबेडकर आवास और बिरसा आवास का कार्य अभी तक लंबित है, इस संबंध में पीएम आवास सहायक को निर्देश दिया गया कि संबंधित आवासों की सूची सभी पंचायत सचिवों को उपलब्ध करा दें ताकि ससमय निरीक्षण करते हुए कार्य पूर्ण कराया जा सके.मुख्यमंत्री वृद्धा पेंशन योजना को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी पंचायत सचिवों को बताया कि कोई भी 1 दिन पंचायत में चयन कर लिया जाना है जिससे पंचायत के प्रतिनिधि से आवेदन पर हस्ताक्षर लेने में सुविधा हो, मुख्यमंत्री वृद्धा पेंशन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें बीपीएल कार्ड होना आवश्यक नहीं है, कोई भी सुयोग्य राशन कार्डधारी( हरा कार्ड को छोड़कर) आवेदन कर सकते हैं साथ ही साथ पंचायत में किसी भी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो उनका संबंधित सभी डाक्यूमेंट्स सत्यापन करते हुए जमा करें ताकि पेंशन सत्यापन कार्य में सुविधा हो सके. मनरेगा की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सभी पंचायत सचिव अपने पंचायत भवन में मनरेगा के 7 महत्वपूर्ण पंजियो को अपडेट कर के रखें, औचक निरीक्षण के दौरान यदि इसमें किसी भी प्रकार की कोताही पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी. मनरेगा के तहत संचालित रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, नाडेप और सोक पीट आदि योजना की भी क्रमवाक समीक्षा की गई. सभी पंचायत सचिवों को 13वें और 14वें वित्त आयोग से बने हुए नालियों की जांच करते हुए उसके निकासी द्वार पर एक सोक पिक निर्माण यदि संभव है तो कराने की दिशा-निर्देश दिया है. जिस पंचायत से अभी तक पोटो हो खेल मैदान योजना से संबंधित अभिलेख नहीं आए हैं वहां से जल्द जमा करने का निर्देश दिया है. साथ ही कम्बल वितरण से संबंधित रिपोर्ट सभी पंचायत सचिवों को 2 दिनों के अंदर कार्यालय में जमा करने हेतु आदेश दिया गया. प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा सभी पंचायत सचिवों को गर्मी का मौसम आने से पूर्व ही पंचायत में खराब चापानल है उन सभी चापानल का रिपेयर कराने और बंद पड़े जल मीनार का मरम्मतीकरण हेतु निर्देश दिया है, ताकि गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पानी की समस्या ना हो. बैठक में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी जयप्रकाश पंडित समेत सभी पंचायतों के पंचायत सचिव, प्रखंड समन्वयक विप्लव महतो, सुषमा कुमारी समेत अन्य उपस्थित थे.



