घाटशिला : झारखंड प्रदेश स्वास्थ्य सहिया संघ के बैनर तले सोमवार को घाटशिला के पावड़ा स्थित मांझी परगना महाल भवन में सहियों की जिला स्तरीय बैठक हुई. बैठक के बाद सहियों ने महाल भवन से अनुमंडल अस्पताल तक विशाल रैली निकालकर प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में मुख्य नेतृत्वकर्ता संपूर्ण मानवता कल्याण संघ के अध्यक्ष डॉ संजय गिरि ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कोविड-19 के समय जहां अपनों ने साथ छोड़ दिया था, उस समय सहियों ने सर पर कफन बांध कर स्वास्थ्य सेवाएं बहाल रखी. इसके बावजूद उनकी मांग पर सरकार या सरकार के प्रतिनिधि बात करने को तैयार नहीं हैं, यह बहुत दुख की बात है. उन्होंने कहा कि सहियों के मामले को लेकर बहुत जल्द राज्यपाल एवं स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर बात की जाएगी. राज्य की कुल 42000 सहिया हड़ताल पर हैं. इससे ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. उन्होंने सरकार से सहियों की मांगों पर जल्द से जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि आगामी 13 फरवरी को रांची में राज्य की हजारों सहिया विशाल रैली निकालेंगी. जरूरत पड़ी तो विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा. इस अवसर पर पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने पहुंच कर आंदोलन रत सहियों का मनोबल बढ़ाया. मौके पर प्रमुख सुशीला टुडू, जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू, करण सिंह, भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विमल बैठा, मौसोमा साहू सहित काफी संख्या में सहिया शामिल थीं.



