बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के कैमी गांव में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ. पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी की पहल पर आयोजित इस शिविर में 11 डॉक्टरों की टीम ने करीब 500 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की. भारत सरकार के प्रमुख उद्यम राइट्स लिमिटेड के सहयोग से प्रमुख स्वयंसेवी संस्था सिटिजन्स फाउंडेशन की ओर से आयोजित शिविर में डॉक्टरों ने मरीजों की जांच के पश्चात उन्हें चिकित्सीय सलाह प्रदान की, जबकि मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी मुहैया कराई गयीं. (नीचे भी पढ़ें)

शिविर में रक्त जांच और रक्तचाप जांच की निःशुल्क सुविधा भी प्रदान की गई. जमशेदपुर स्थित पूर्णिमा नेत्रालय के नेत्र चिकित्सकों ने नेत्र रोगियों के नेत्र की जांच की. मोतियाबिंद से ग्रस्त 30 नेत्र रोगियों का आयुष्मान भारत योजना के तहत पूर्णिमा नेत्रालय में निःशुल्क ऑपरेशन कराया जायेगा. शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की सलाह एवं मुफ्त दवाइयां पाकर लोग अत्यंत प्रसन्न दिखे. बनकाटा पंचायत की मुखिया नमी मुर्मू एवं पंचायत समिति सदस्य रमा बिसोई ने पं दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ गोस्वामी ने कहा कि गरीबों की सेवा करना हमारा सामाजिक दायित्व है. बहरागोड़ा में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की अत्यंत कमी है. लोगों को अपना इलाज कराने के लिए पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है. डॉ गोस्वामी ने कहा कि इन स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से हजारों मरीजों का इलाज संभव हुआ है.



