बहरागोड़ा: बहरागोड़ा और चाकुलिया के विभिन्न पंचायत में खेतों में नमी बढ़ने के साथ ही धान की बुआई और बिचड़ा तैयार करने के काम में तेजी आयी है. खेतों में पर्याप्त नमी आने के बाद किसान धान का बिचड़ा तैयार करने में जुट गए हैं. ग्रामीण सुबह से शाम तक किसानों की चहल-पहल खेतों में देखी जा रही है. किसान खेतों की जुताई, मेड़बंदी और अन्य आवश्यक कार्यों को तेजी से निपटा रहे है, ताकि बारिश के साथ घान की रोपनी शुरुआत की जा सके. प्रखंड में कृषि मुख्य रूप से वर्षा पर आधारित है. ऐसे में मानसून की पहली बारिश किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. बारिश शुरू होते ही धान बिचड़ा तैयार करने और रोपाई से जुड़े कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है.(नीचे भी पढ़े)
बहरागोड़ा बाजार क्षेत्र की प्रमुख बीज दुकानों में किसानों की भीड़ देखी गयी. पहली बरसात होते ही किसान अपने खेतों को तैयार करने की कवायद में जुट गये हैं. बाजार में धान के बीज की मांग बढ़ गयी है. किसानों का कहना है कि सरकारी लैंपस के माध्यम से समय पर सब्सिडी दर पर बीज मिल जाये, तो खेती करने में काफी सुविधा होती है. गरीब किसानों का अतिरिक्त खर्च बचता, लेकिन विडंबना यह है कि लैंपस में हमेशा बिल्कुल अंतिम समय पर बीज उपलब्ध कराया जाता है.किसानों ने सरकार से मांग की है कि सभी लैंपस में तुरंत बीज की आपूर्ति सुनिश्चित की जाये, ताकि उन्हें आर्थिक चपत ना लगे.







