
धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड के नूतनडीह गांव में कुड़मी संस्कृति विकास समिति के तत्वावधान में बांदना मिलन समारोह सह रक्तदान परिचय पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सपन महतो ने की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में धालभूमगढ़ के सीओ सदानंद महतो और विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता चंदन महतो, भूषण चंद्र महतो व कोकपाड़ा के मुखिया बुद्धेश्वर नायक थे। समारोह को संबोधित करते हुए सीओ सदानंद महतो ने कहा कि क्षेत्र में कुड़मी संस्कृति विकास समिति लोगों को रक्तदान करने के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज के उत्थान और संस्कृति के संरक्षण करने में बेहतर कार्य कर रही है। (नीचे भी पढ़ें)

समारोह में विगत दिनों समिति द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में महिलाओं द्वारा बढ़-चढ़कर रक्तदान करने पर समारोह में 21 महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और महिलाओं की हौसला बढ़ाया गया। समारोह में रक्तदान करने वाले 527 रक्त दाताओं के बीच परिचय पत्र वितरण किया गया। अवसर पर गोरू खुटान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कमल माइती, द्वितीय स्थान खिरोद महतो, तृतीय स्थान मधुसूदन महतो और चौथे स्थान पर रहे डमन टुडू को उपहार देकर पुरस्कृत किया गया। मौके पर अंजन महतो, खितीश महतो, सुकरा मुंडा, धनंजय मुंडा, लखी कांत मुंडा, अनंत महतो, अमिताभ महतो, अमित महतो, भक्त प्रहलाद महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे।














