चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के प्रखंड प्रमुख धनंजय करूणामय ने शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम उठाते हुए अपनी पंचायत समिति फंड से बिरदह पंचायत के रेंगड़पहाड़ी गांव में ग्रामीण पुस्तकालय भवन निर्माण कराया. प्रमुख धनंजय करूणामय ने रविवार को पुस्तकालय भवन का फीता काट कर उद्घाटन किया. मौके पर श्री करूणामय ने कहा कि पंचायत जनप्रतिनिधि की सोच केवल पंचायत में सड़क और नाली निर्माण कराने तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि एक शिक्षित, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण भी जिम्मेदारी है. उन्होंने ग्रामीण पुस्तकालय की स्थापना कर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक छोटी पहल की है. (नीचे भी पढ़ें)
यहां कक्षा 8 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पाठ्य पुस्तक उपलब्ध है यहां विद्यार्थी आकर निशुल्क शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं और इसके अलावे कम्प्यूटर की भी शिक्षा प्राप्त कर पाएंगे. प्रखंड प्रमुख की इस पहल को क्षेत्र के लोगों ने काफी सराहा है और शिक्षा के प्रति बच्चों को जागरूक करने के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है.




