जमशेदपुर : आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक रविवार को निर्मल गेस्ट हाउस में सम्पन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता पार्टी जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने करते हुए बताया कि आगामी 7 अगस्त को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन तथा 8 अगस्त को झारखंड आंदोलन के अमर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर कदमा गणेश पूजा मैदान में विशाल सम्मेलन आयोजित करने जा रही है. इन दोनों आयोजनों में पूरे झारखंड से हजारों की संख्या में आजसू पार्टी के कार्यकर्ता, युवा एवं समर्थक भाग लेंगे. सम्मेलन में आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो, सांसद, विधायक, प्रधान महासचिव, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक सहित केंद्रीय नेतृत्व उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम में संगठन विस्तार, राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर निर्णायक रणनीति और झारखंड के बेहतर भविष्य के लिए व्यापक जनआंदोलन का शंखनाद किया जाएगा. इस अवसर पर बड़ी संख्या में विभिन्न दलों एवं सामाजिक संगठनों के युवा आजसू परिवार का दामन थामेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र साहिश ने कहा कि “आज झारखंड अपनी मूल पहचान, युवाओं के रोजगार, किसानों के अधिकार और विकास के सवाल पर गंभीर संकट से गुजर रहा है. ऐसे समय में आजसू ही वह राजनीतिक शक्ति है जो झारखंडियों की आवाज को मजबूती से उठा रही है. 7 और 8 अगस्त का सम्मेलन केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के स्वाभिमान, अधिकार और परिवर्तन का उद्घोष होगा. पूरे प्रदेश से कार्यकर्ताओं की ऐतिहासिक भागीदारी इस बात का प्रमाण होगी कि जनता बदलाव का मन बना चुकी है. बैठक में आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि “निर्मल महतो का बलिदान झारखंड की अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है. आजसू उनके सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए निरंतर संघर्षरत है. सम्मेलन में हजारों कार्यकर्ता राज्यहित को सर्वोपरि रखते हुए संघर्ष और आंदोलन का संकल्प लेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
आने वाले दिनों में जनता के अधिकारों के लिए आजसू का आंदोलन और अधिक तेज, व्यापक एवं निर्णायक होगा. अन्य नेताओं ने प्रदेश के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं झारखंडवासियों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन दोनों ऐतिहासिक आयोजनों में शामिल होकर झारखंड के सम्मान, और पार्टी के मान सम्मान और सफल आयोजन के लिए चर्चा की गई. बैठक में मुख्य रूप से रामचंद्र साहिश, कन्हैया सिंह , चंद्रगुप्त सिंह, डोमेन टुडू, संजय मालाकार, संजय सिंह ,अप्पू तिवारी, चंद्रेश्वर पांडेय, विमल मौर्या, प्रकाश विश्वकर्मा, विकास महतो, मंटू शुक्ला, परवीन प्रसाद, ललित सिंह, सौरभ राहुल सिंह, उपेंद्र सिंह, निरंजन महतो, मंगल टुडू, रामदेव हेंब्रम, राजेश चौधरी, चंदन सिंह, नीरज सिंह, मो जमाल, मंगल महतो समेत अन्य मौजूद रहे.




