चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के बेन्द पंचायत के टुकदा निवासी 70 वर्षीय सुखदेव चंद्र नायक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों ने मामला संदिग्ध बताया. काफी खोजबीन के बाद चाकुलिया थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस प्रशासन से उनकी शीघ्र बरामदगी की मांग की है. परिजनों के अनुसार 23 जुलाई 2026 की सुबह सुखदेव चंद्र नायक अपने घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. घर नहीं पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने रिश्तेदारों, परिचित और आसपास के गांवों में उनकी तलाश की. इसके बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई. (नीचे भी पढ़ें)

काफी प्रयासों के बाद भी जब उनका पता नहीं चल सका, तब मामले की सूचना चाकुलिया थाना को देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. लापता बुजुर्ग की उम्र लगभग 70 वर्ष है. उनका रंग गोरा, कद लगभग पांच फीट है. उन्होंने सफेद रंग के कपड़े पहन रखे थे. परिजनों के अनुसार उनकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है, जिसके कारण वे स्पष्ट रूप से बातचीत नहीं कर पाते हैं. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने और विभिन्न थाना क्षेत्रों में सूचना प्रसारित कर बुजुर्ग की शीघ्र तलाश सुनिश्चित करने की मांग की है.




