जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के बोड़ाम-माधवपुर मुख्य सड़क पर दुबराजपुर गांव के समीप शनिवार शाम करीब पांच बजे सड़क दुर्घटना में पलाशडीह निवासी 34 वर्षीय तरणी कर्मकार की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक बाइक पर सवार होकर वनडीह से दुबराजपुर की ओर जा रहे थे. तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग से टकरा गई. घटना में सिर में गंभीर चोट लगने से तरणी कर्मकार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी उछलकर धान के खेत में जा गिरा. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बोड़ाम पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक और मृतक के शव को एमजीएम अस्पताल भेजा. पेशे से चालक तरणी कर्मकार की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है जबकि घायल युवक का इलाज जारी है. इधर पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है.





