गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र में संचालित किए जा रहे अवैध लॉटरी के अड्डों पर मंगलवार को ग्रामीण एसपी मुकेश कुमार लुणायत के नेतृत्व में गालूडीह आसपास क्षेत्र में छापेमारी की गई. इस छापेमारी के दौरान पुलिस को 20 लाख रुपए और 12 सौ लॉटरी टिकट का बंडल मिला है. साथ ही एक गिरोह का भी पता चला है. वहीं गौतम मंडल सहित चार अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है. हालांकि हिरासत में लिए चार लोगों का नाम पुलिस ने अभी तक खुलासा नहीं किया है. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ चल रही है. ग्रामीण एसपी ने बताया कि साक्ष्यों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि गालूडीह थाना क्षेत्र में अवैध लॉटरी का अवैध धंधा सालों से चल रहा था. सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार लॉटरी का संचालन प्रतिदिन किया जा रहा था. जिसमें दोपहर 1 बजे, शाम 5 बजे व रात 8 बजे ड्रॉ होता था. इसके लिए गालूडीह में कई जगहों पर खुलेआम टिकट की बिक्री होती थी. सूत्र बताते है कि टिकट के अवैध कारोबार में गालूडीह के कई युवक इसमें शामिल है, जिनके द्वारा दुकानों के माध्यम से टिकट की बिक्री करवाई जाती है. इस छापेमारी में गालूडीह थाना प्रभारी रोशन खाका, पोटका के थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा, सुंदरनगर थाना प्रभारी अनुज कुमार, मऊभंडार ओपी प्रभारी सोनू कुमार एवं विभिन्न थाना के एसआई व जवान शामिल थे.



