जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के सियालबिंदा निवासी सेनापति बेरा (40) और सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के वार्ड नंबर-8 निवासी नौशाद अंसारी (39) के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से लूट में इस्तेमाल की गई बाइक, नकद रुपये, मोबाइल फोन और टैबलेट समेत अन्य सामान बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के गोगलो जाने वाले रास्ते में भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट को दो अपराधियों ने निशाना बनाया था. दोनों आरोपी मोटरसाइकिल संख्या जेएच05एआर6727 पर सवार होकर पहुंचे और एजेंट से 80 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन तथा एक टैबलेट लूटकर फरार हो गए थे. इस संबंध में धालभूमगढ़ थाना में मामला दर्ज कराया गया था. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल का विवरण जुटाया. इसके आधार पर बाइक मालिक नौशाद अंसारी की पहचान हुई. पुलिस ने उसके मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की तो घटना के समय मोबाइल की लोकेशन घटनास्थल के आसपास पाई गई. (नीचे पढ़ें पूरी खबर)

इसके बाद पुलिस टीम तकनीकी शाखा के सहयोग से लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही. इसी क्रम में 18 नवंबर की शाम धालभूमगढ़ पुलिस ने श्यामसुंदरपुर और बहरागोड़ा थाना की पुलिस के सहयोग से श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के केरुकोचा के पास छापेमारी की. यहां से दोनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर एजेंट से लूटे गए सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन और टैबलेट भी बरामद कर लिए गए. (नीचे भी पढ़ें)
लूट की रकम में से 68,120 रुपये बरामद : पुलिस ने आरोपियों के पास से 68,120 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, एक चाकू और एक फाइटर बरामद किया है. इसके अलावा लूट में इस्तेमाल की गई हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल (जेएच05एआर6727) भी जब्त की गई है. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.












