
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्र धालभूमगढ़ से पुलिस ने टैंकरों से गैस कटिंग करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पकड़े गये लोगों में कोडरमा के रहने वाले टैंकर संख्या एनएल01एन-6959 के चालक सेराज खान, धालभूमगढ़ के कोकपाड़ा निवासी प्रकाशनाथ और चाकुलिया निवासी रमेश भारती शामिल है. पुलिस ने बड़ा गैस टैंकर 14 चक्का वाली गाड़ी को भी जब्त किया है जबकि 15 लीटर वाला 12 पीस गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, लोहा पाइल, जिसमें चार चार मीटर का 1.5 इंच का मोटा काला रंग का पाइप लगा हुआ है, को जब्त किया गया है. इस संबंध में धालभूमगढ़ थाना के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर रामदरश राम के बयान पर एफआइआर दर्ज किया गया है. बताया जाता है कि धालभूमगढ़ के त्रिलोक होटल के पीछे टैंकर से गैस कटिंग कर चोरी की जा रही थी. इसकी सूचना मिलते ही गश्ती दल वहां पहुंची तो पाया कि वहां गैस की कटिंग की जा रही है. इस दौरान कटिंग करने वाले लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.





