
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड में सरकार की विकास योजना सबर परिवार के लिए नाकाम साबित हो रही है। प्रखंड की जुगितुपा पंचायत के मुड़ाठाकुरा सबर टोला में रह रहे सबर परिवार के पास रोजगार का अभाव है। ऐसे में उनके समक्ष आर्थिक तंगी उत्पन्न हो गई है। टोला निवासी मैथरी सबर को राज्य सरकार द्वारा उज्जवला योजना के तहत गैस सिलेंडर और चूल्हा मिला था। उक्त चुल्हा और सिलेंडर को मैथरी सबर ने महज 600 रुपए की खातिर गांव के ही एक व्यक्ति के पास बंधक रख दिया है। (नीचे पढ़ें पूरी खबर व देखें वीडियो)
मैथरी सबर ने बताया कि वह अकेली रहती है। उसे सरकार से मिलने वाला पीएम आवास भी अबतक नहीं मिला है। वह पूर्व में बने अपने टूटे आवास पर एजबेस्टर चढ़ा कर किसी तरह जीवन बसर कर रही है। मैथरी सबर ने बताया कि उसे कुछ काम के लिए रुपए की जरूरत पड़ी, तो उसने अपना गैस सिलेंडर और चूल्हा ही बंधक रख दिया। कहा कि वह दूसरे के घर में काम कर जीवन यापन करती है। उसके पास रुपए नहीं है। इस कारण वह बंधक रखे चूल्हा और सिलेंडर को नहीं छुड़ा पा रही है।






