चाकुलिया : मकर संक्रांति झारखंड का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार है. मकर पर्व नजदीक आते ही ग्रामीण इसकी तैयारियों में जुट जाते हैं. इस वर्ष भी मकर पर्व की खुशियां अब धीरे धीरे ग्रामीण क्षेत्रों में दिखने लगी हैं. हर कोई इसकी तैयारी में जोर-शोर से जुट गया है. (नीचे भी पढ़ें)
चाकुलिया प्रखंड के जमुआ पंचायत की विभिन्न गांवों में मकर संक्रान्ति की तैयारियां शुरू हो गई हैं. जमुआ पंचायत के बुआंगडीह, केरुकोचा, हरिनिया, बामनडीह, खेजुरिया, भादुआकोचा समेत अन्य गांवों के बच्चे खजूर और ताड़ के पत्तों से मकर कुमा बनाने में जुटे हुए हैं. ज्ञात हो कि इस क्षेत्र के लोग बांउडी की रात को खजूर व ताड़ के पत्तों से बने ऐसे कुमे जलाकर आग तापते हैं और आतिशबाजी करते हैं. सुबह संक्रांति के दिन सभी नहाकर नये कपड़े पहनते हैं और तिलकुट, गुड़ पीठा और लजीज व्यंजन का लुत्फ उठाते हैं. मकर संक्रांति के अवसर पर ग्रामीण इलाकों में विभिन्न प्रकार के खेलकूद के आयोजन भी किये जाते हैं. इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में कुमे बनाने का गजब जूनून दिख रहा है. सभी बच्चे कुमा बनाने में जुटे हुए हैं और कहीं-कहीं बच्चों ने कुमे बनाकर तैयार भी कर लिये हैं.




