जादूगोड़ा : जादूगोड़ा स्थित शेफर्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल धर्मडीह में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ केक काटकर मनाया गया. कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं उनके महत्वपूर्ण योगदान को भावपूर्ण तरीके से अभिव्यक्त किया गया. इधर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सह स्कूल के निर्देशक मुद्रिका शर्मा ने कहा कि शिक्षक दिवस प्रत्येक वर्ष शिक्षकों के समर्पण, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा को सम्मानित करने का अवसर प्रदान करता है. यह दिवस हमें यह संदेश भी देता है कि एक शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि उनके व्यक्तित्व, विचारों एवं भविष्य को भी आकार देता है. उन्होंने आगे कहा कि भारत में शिक्षक दिवस देश के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. वर्ष 1962 से 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के निर्देशक मुद्रिका शर्मा, प्राचार्य व शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके पश्चात डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण किया गया और उपस्थित सभी शिक्षकों द्वारा पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को उत्साह और उमंग से भर दिया. इसके साथ ही बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाट्य कार्यक्रम ने शिक्षकों का खूब मनोरंजन किया.




